सोमवार, 19 मई 2014

जन को जोड़ता तंत्र

१५ अगस्त १९४७ को अंग्रेजों की दासता से मुक्ति के बाद भारत के राष्ट्र नायकों ने जनतंत्र का मार्ग चुना, जिसका तात्पर्य था जनता की सरकार, जनता द्वारा, जनता के लिए. विचार अच्छा था भारत का जनमानस यह सोच कर अभिभूत था कि अब भारत में उसकी अपनी सरकार होगी, चोर उचक्कों से उसकी रक्षा होगी, अब उसे लूटा नहीं जाएगा, उसे भर पेट भोजन, तन ढकने को वस्त्र और सिर छुपाने के लिए एक छत होगी. उसकी बहन बेटियों की इज्जत, जो अंग्रेजों के राज्य में सुरक्षित नहीं थी अब सुरक्षित होगी. बस यही छोटी छोटी सी इक्षाएं थीं और इन्ही इक्षाओं को पूरा करने के लिए उसने बलिदान दिए थे. लेकिन स्वतंत्रता के तत्काल बाद पता लगा वे सब सपने थे, देश गोरे साहबों के हाथ से निकल कर काले साहबों का गुलाम हो गया था, भारत के जन का बलिदान व्यर्थ चला गया था, वह ठगा गया था. इस स्वतंत्र भारत में जन और तंत्र अलग अलग रहा, आजादी के प्रारम्भ के दिनों में सत्ता की डोर जिस दल के हाथ में थी उसका नाम भी कांग्रेस था, वही कांग्रेस जिसने भारत की स्वतंत्रता और उसके विघटन में बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी, स्वतंत्रता के पश्चात गांधीजी ने कहा था अब कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए, और भारत पर शाषन करने के लिए नए दल का गठन किया जाना चाहिए, लेकिन गांधी के अनुयायिओं को यह परामर्श उचित नहीं लगा, क्योंकि कांग्रेस से सामान्य जन के भावनात्मक लगाव का दोहन कर, तत्कालीन प्रधानमन्त्री निरापद शाषन करना चाहते थे, और उन्होंने किया भी. उसी समय से भारत के शाषक जन से दूर होते चले गए और लोगों का जनतंत्र में कोई उत्साह नहीं रहा इसी लिए उस समय मतदान प्रतिशत ५०% से काफी कम रहता था और मात्र २०% मत पाने वाला दल सरकार बना लेता था जो भारत के ८०% को स्वीकार्य नहीं होती थी, जनता की नजरों में नेताओं का सम्मान गिरता चला गया, उनके लिए कोई भी भद्दी से भद्दी गाली भी छोटी लगने लगी, नेता जनता से दूर होते चले गए, क्योंकि वे जनता के प्रतिनिधि थे ही नहीं, वे तो अंग्रेजों की जगह नए ठग और लुटेरे थे, जनता की समस्याएं दासता के दिनों से भी अधिक दुष्वार हो गईं थी, और नेता लूट खसोट में मस्त थे. जन की इन नेताओं के प्रति नफरत बढ़ती चली जा रही थी, इसका प्रमाण है, जब १९७७ में श्रीमती गांधी ने आपातकाल लगा कर सभी नेताओं को जेलों में ठूंस दिया था, तो आक्रोशित होने के स्थान पर जनता संतुष्ट थी; यदि लोगों की जबरदस्ती नसबंदी नहीं की गई होती तो इन जेल में बंद नेताओं के जीवन की परवाह किये बगैर जनता दोबारा श्रीमती गांधी को ही चुनती; क्योंकि अब ५४३ लुटेरों के स्थान पर एक ही लुटेरा बचा था, यह एक कडवा सच है. इसी प्रकार जब संसद भवन पर आतंकी हमला हुआ था तो भारत का जन जन आक्रोशित था, भारत की अस्मिता पर हुए इस आक्रमण पर, लेकिन शायद बहुत कम लोग रहे होंगे जो नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हुए होंगे.
 भारत में प्रारम्भ से ही निरंतर सत्ता में बने रहने के मोह में हमारे राष्ट्रनायकों ने जनता की भलाई का कार्य न करते हुए, जनता को भिन्न भिन्न समूहों में बाँट कर उनमें वैमनस्यता फैला कर अपना वोट बैंक बनाने का कार्य किया, कभी अनुसूचित जाति के नाम पर, तो कभी अगड़ों के नाम पर, कभी पिछड़े, तो कभी अति पिछड़े, कभी अल्पसंख्यक, तो कभी बहु संख्यक के नाम पर, कभी मंडल, तो कभी कमंडल, और उसका परिणाम हुआ चुनावों में खंडित जनादेश, जिसके परिणाम स्वरूप छोटे छोटे राजनैतिक दल मिलकर सत्ता चलाते और मनमानी लूट को अंजाम देते, जिससे महगाई और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा था, घोटाले कुछ लाख रूपये से बढ़ कर लाख करोड़ तक पहुँच गए, और सामान्य जन गरीबी लाचारी में निरीह भाव से पिस रहा था. आधी से अधिक आबादी को दो वक़्त का भरपेट भोजन उपलब्ध नहीं, अपनी लज्जा को ढकने के लिए वस्त्र नहीं, रोगी को उपचार नहीं, बच्चों को शिक्षा के लिए विद्यालय नहीं, बहन बेटियों की अस्मत सड़कों पर, सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों, तथा घर में भी सुरक्षित नहीं, न्याय के मंदिर और शिकायतें सुनने के स्थान भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए. जनता दासता के दिनों से भी बुरे दिनों को काटने को विवश और नेता अरबों रुपये की चोरी करके विभिन्न प्रकार के निकृष्ट अपराध करते हुए विशेष सुरक्षा दस्ते के साथ अय्याशी में लिप्त थे. ये दुष्ट इस राष्ट्र पुरुष के समग्र जन को निज स्वार्थ में टुकड़ों टुकड़ों में बाँट कर सत्ता का आनंद खंडित जनादेश से उठा रहे थे. भारत की जनता अत्यधिक संवेदनशील और संतोषी है, जब भी तंत्र ने जन को विश्वास में लिया है भारत के जन ने उसे खुले दिल से समर्थन दिया है. लाल बहादुर शास्त्री ने जनाकांक्षाओं को कुछ हद तक समझा था और संकट काल में एक दिन मंगलवार को एक समय भोजन स्वयं न करते हुए समग्र राष्ट्र से न करने का आग्रह किया था, घरों की बात तो छोडिये, होटल भी एक समय बंद रहते थे, ऐसा अभूतपूर्व समर्पण है भारत के जन का, इसमें अगड़े,पिछड़े,सूचित,अनुसूचित,अल्पसंख्यक,बहुसंख्यक का भेद नहीं था. सम्पूर्ण राष्ट्रपुरुष अपने राष्ट्रनायक के एक आवाहन पर त्याग और बलिदान के लिए तत्पर था.

श्रीमती गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया, उन्हें स्पष्ट और प्रचंड बहुमत मिला, कारण गरीबी सब की एक जैसी होती है. जब भूख लगती है तो वह सवर्ण और हरिजन में, अगड़े – पिछड़े में, हिन्दू और मुसलमान में भेद नहीं करती है, भूख सब को एक जैसी लगती है, जब बच्चों को भरपेट भोजन नहीं दे पाती तो हर माँ के ह्रदय में एक जैसी वेदना और लाचारी होती है. जब चिकित्सा के अभाव में किसी का बच्चा या आत्मीयजन मर जाता है तो पीड़ा सभी को एक जैसी होती है. जाड़े की ठिठुरन भरी रातों में जब तन पर पर्याप्त वस्त्र नहीं होते तो ठंड की पीड़ा सभी को एक जैसी होती है. युवा होती पुत्री को लज्जा ढकने योग्य वस्त्र भी जब माता-पिता नहीं उपलब्ध करा पाते तो हिन्दू और मुसलमान की पीड़ा में कोई अंतर नहीं होता, जब सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और पुलिस थानों पर युवती की अस्मत लुटती है तो जो पीड़ा और गुस्सा फूटता है, वह सभी में सामान होता है और इन अय्याश नेताओं के प्रति नफरत भी वैसी ही होती है. श्रीमती गांधी ने इस पीड़ा को समझा था और जन की समस्या गरीबी दूर करने की बात कर जन को स्वयं से जोड़ने का प्रयास किया, जिसका परिणाम स्पष्ट बहुमत था, इन्द्राजी के पश्चात सभी दल जन से दूर होते चले गए. कोई अल्पसंख्यकों को भयभीत कर रहा था, तो कोई उन्हें चार निकाह की अनुमति दे रहा था, कोई तिलक तराजू और तलवार ... कह कर समाज में नफरत और दरार पैदा कर रहा था, कोई राम मंदिर और धारा ३७० का राग अलाप रहा था, ऐसे में जन से दूर इस तंत्र का जो हस्र होना चाहिए था वही हुआ, निरंतर खंडित जनादेश मिला और अल्पमत सरकारों को चलाए रखने के लिए आँख बंद कर खुली लूट होने दी गई. २०१४ के चुनाव में मोदीजी ने इस समस्या को समझा और जनता के मध्य जन जन से जुड़े मुद्दे ‘भय, भूख, भर्ष्टाचार’ के विरुद्ध युद्ध छेड़ने की घोषणा कर दी और जन, तंत्र के साथ स्वःस्फूर्त जुड़ता चला गया, जिसका परिणाम ये चुनाव परिणाम हैं. अब देखना ये है कि जन कहीं फिर ठगा अनुभव न करे.

बुधवार, 29 जनवरी 2014

येडा मुख्यमंत्री

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को भारत सरकार के गृह मंत्री शुशील कुमार शिंदे ने एक कार्यक्रम में येडा मुख्यमंत्री कहा, संभवतः इन शब्दों का प्रयोग केजरीवाल द्वारा धरने के समय गृह मंत्री के लिए कठोर शब्दों के प्रयोग (मैं दिल्ली का मुख्य मंत्री हूँ मैं शिंदे को बताऊंगा कि उसे कहाँ बैठना है) की प्रतिक्रिया में किया गया होगा, वैसे भी कांग्रेस के नेता अपने राजनैतिक विरोधियों के प्रति स्वाभाविक आक्रामक रहते हैं और निरंतर असभ्य भाषा का प्रयोग करने के अभ्यस्त हैं. दिल्ली के मुख्य मंत्री केजरीवाल ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ केंद्र सरकार की हठधर्मिता के विरुद्ध धरना और प्रदर्शन किया उसे आम आदमी ने बुरा नहीं माना है; क्योंकि दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था दिली सरकार के आधीन है और कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस केंद्र सरकार के आधीन, ऐसे में यदि दिल्ली वासियों की सुरक्षा में कमी रहती है तो दिल्ली सरकार को केवल शर्मिंदगी हाथ लगेगी, ऐसा पहले भी होता रहा है और लगभग सभी मुख्य मंत्रियो ने समय समय पर पुलिस को दिल्ली सरकार के आधीन करने की मांग की है, परन्तु बहरी एवं संवेदन हीन केंद्र सरकार के कान पर जूँ भी नहीं रेंगी, ऐसे में बहरे कानों को सुनाने के लिए धमाका आवश्यक हो जाता है और धमाके कभी संवैधानिक एवं कानून सम्मत नहीं होते. पिछले तमाम उदाहरणों से एक बात स्पष्ट है कि वर्तमान केंद्र सरकार पर शांतिपूर्ण आन्दोलनों और प्रदर्शनों का कोई प्रभाव नहीं पड़ता फिर चाहे अन्नाजी का आन्दोलन हो या बाबा रामदेवजी का यह बात जनान्दोलन से निकले केजरीवाल अच्छी तरह जान चुके हैं, इसीलिय उन्होंने सीधे वही मार्ग चुना जो केंद्र सरकार को सहज समझ आ जाए. अपने इस आन्दोलन से उन्होंने अपने कई सन्देश पहुँचाने में सफलता प्राप्त की है, दिल्ली पुलिस को समझ में आगया है कि दिल्ली सरकार कि अनदेखी करना उसे महंगा पड सकता है, केंद्र सरकार को भी समझ में आगया है कि आआप की सरकार को हलके में न ले और सबसे बड़ी बात अपने वादों को पूरा न कर पाने के आरोप को पीछे ढकेलते हुए केंद्र के विरुद्ध जनमानस तैयार कर लिया. उनका यह आन्दोलन सही था ऐसा कांग्रेस के नेताओं को भी लगने लगा इसीलिये तो संजय निरूपम महाराष्ट्र में अपनी ही सरकार के विरुद्ध आन्दोलन का उच्चस्तरीय ड्रामा करने को विवश हुए.    केजरीवाल की तमाम बातों से यह तो निश्चित है कि उन्होंने एकबार तो भारत की अतिविशिष्ट शैली की राजनीति को न केवल आम आदमी की ओर मोड़ दिया है, अपितु पूर्व स्थापित सभी राजनैतिक दलों को अपनी कार्य शैली में परिवर्तन करने को विवश भी किया है; एक बात ध्यान रखने वाली है कि पुरानी सड़ी गली व्यवस्थाओं में परिवर्तन भ्रष्ट और चाटुकार लोग कभी नहीं कर सकते यह परिवर्तन कोई येडा ही कर सकता है. भारत की राजनैतिक व्यवस्था इतनी षड-गल चुकी है कि यहाँ के आम आदमी की स्थिति गुलामों से भी बदतर है और नेता चोर, लुटेरे और दुर्दान्त अपराधी होते हुए भी महाराजाओं जैसा जीवन व्यतीत कर रहे हैं. सामान्य व्यक्ति की छोटी से छोटी गुहार भी नहीं सुनी जाती है. पुलिस सहित किसी भी सरकारी विभाग में बगैर पैसे के कोई सुनवाई नहीं होती. बलात्कारी और अपराधी, नेताओं के संरक्षण में और पैसे और प्रभाव के दम पर स्वछन्द घूम रहे हैं और आम आदमी सब कुछ निरीह नेत्रों से ऐसे ही किसी पागल की बाट जोह रहा है जो सत्ता में बैठ कर सत्ता में भागीदार चोर को चोर कह सके. भारतीय जनता पार्टी जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुसांगिक संघटन है से राजनीति में सादगी, सुचिता और ईमानदारी की अपेक्षा थी जो भ्रांत निकली, इन लोगों ने भी कांग्रेस द्वारा स्थापित सुविधा भोगी अति विशिष्ट शैली की ही राजनीति को अपनाया इसीलिये आज कांग्रेस और बी.जे.पी. की प्रकृति में कोई मूल भूत अंतर नहीं दिखाई पड़ता है और इसी निराशा तथा हताशा का परिणाम है आम आदमी पार्टी. यद्यपि आआप के मंत्रियों के कार्यकलापों को देख कर ऐसा नहीं लगता कि यह स्थिति अधिक दिनों तक रह सकेगी, उनकी महत्वाकांक्षा और कार्य कलापों को देख कर प्रतीत होने लगा है कि ये कुछ अधिक ही असभ्य, अहंकारी और निरंकुश हैं केजरीवाल इन्हें संयमित रख सकेंगे शंका है.

शुक्रवार, 30 अगस्त 2013

पर हित सरिष धरम नहिं भाई

            आज सम्पूर्ण विश्व में एक अजीब सा व्यर्थ का संघर्ष चल रहा है। समाचार पत्र उठाएं या समाचार चैनल देखें अधिकाँश समाचार आतंक, अपराध और पीड़ा से सम्बंधित  ही होते हैं। अच्छे और उत्साह वर्धक समाचारों का अकाल सा पड़ गया है, सम्पूर्ण वातावरण विषाक्त सा है।  यह तब है जब विभिन्न मतों को मानने वाले धर्माचार्य निरंतर धर्म के मार्ग पर चलने का उपदेश करते दिखाई देते हैं और लाखों की संख्या में उन्हें सुनने वाले भी, फिर भी हम धर्म के मार्ग पर नहीं चल रहे, कारण क्या है? स्पष्ट है धर्म की भिन्न भिन्न व्याख्या होने के कारण; भिन्न भिन्न धर्मों को मानने वाले भिन्न भिन्न मार्गों पर चलते हुए अपने धर्म को श्रेष्ठ सिद्ध करने हेतु अशांत और संघर्ष रत हैं और चाहते हैं कि सभी उनके धर्म का अनुशरण करें। क्या धर्म कई है? नहीं, धर्म केवल और केवल एक है। क्या धर्म अलग अलग भाषाओं में भाषा बद्ध है? नहीं, उसकी एक और एक ही भाषा है। 
            जो धारण किया जाय वही धर्म है। किसके द्वारा धारण किया जाय? प्राणी मात्र के द्वारा धारण किया जाय। केवल, पुरुष द्वारा नहीं, स्त्री द्वारा नहीं, मानव द्वारा भी नहीं, अपितु सम्पूर्ण प्राणी मात्र द्वारा धारण किया जाय। 'सर्वे भवन्तु सुखिना ' अर्थात सब सुखी हों का भाव ही धर्म है। धर्म देश और काल की सीमाओं से परे है। धर्म सत्य है जो शाश्वत है, वह सबके लिए सामान रूप से उपयोगी है, उसकी भाषा ईश्वरीय भाषा है जो सहज और सरल है तथा सहज समझ में आने वाली है। धर्म को परिभाषित करते हुए महर्षि वेद्व्याषजी ने कहा है : 'अष्टादश पुराणेषु वेदव्यासश्य वचनं द्वै , परोपकाराय पुण्याय पापाय पर पीडिनम'। अर्थात १८ पुराणों का सार वेद्व्याष के दो वचनों में निहित है , परोपकार ही धर्म और पर पीड़ा ही पाप है।  इसी को तुलसीदासजी ने सहज शब्दों में व्यक्त किया है ' पर हित सरिस धरम नहीं भाई , पर पीड़ा सम नहीं अधमाई ' इसे समझने के लिए एक उदाहरण लें कुत्ते और बिल्ली में सहज शत्रुता होती है परन्तु पालतू होने पर एक साथ रहते हैं, ऐसे में यदि बिल्ली के बच्चे की माँ बच्चे को जन्म देने के पश्चात मर जाए और उसके बच्चे को कुतिया अपना दूध पिलाए तो यह दृष्य किसी को भी कैसा लगेगा? निश्चित आनन्द देने वाला होगा। यही धर्म है जो प्राणीमात्र के लिए है, इसके लिए जिस भाषा की आवश्यकता पडी, वही धर्म की भाषा है। यदि कुतिया चाहती तो बिल्ली के बच्चे को खा सकती थी यह उसका स्वाभाविक धर्म होता, मांसाहारी पशु का धर्म होता और यही सम्प्रदाय है। उसमें किसी को कोई आनन्द नहीं मिलता अपितु अधिकाँश को पीड़ा ही होती।यद्यपि कुतिया को बिल्ली के बच्चे को अपना भोजन बनाने में आनंद मिलता, परन्तु स्वयं दुसरे का भोजन बनने में डर लगता, पीड़ा होती इसीलिये यह धर्म नहीं है; मूल धर्म (परोपकार या प्रेम) में केवल आनंद है, परोपकार करने वाले को भी और परोपकारित होने वाले को भी। देश काल या स्वभाव किसी भी कारण से धर्म से हटना ही सम्प्रदाय है। सभी सम्प्रदायों की स्थापना इसी प्रकार हुई है। सम्प्रदाय सर्वमान्य, सर्वकालिक और सार्वदेशिक नहीं होता है। धर्म में कोई झगड़ा नहीं है, झगडा सम्प्रदाय में है।कुछ सम्प्रदायों के अनुयाई दुसरे सम्प्रदाय के लोगों को बलपूर्वक हिंषा या आतंक के दम पर या विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर अपने सम्प्रदाय की मान्यताओं को मानने के लिए विवश करना चाहते हैं और इसे पुण्य या धर्म का कार्य मानते है जो जघन्य अपराध है और होना ही चाहिए। यदि यह कुतिया दुसरे शाकाहारी पशुओं को बलात या प्रलोभन देकर मांसाहारी सम्प्रदाय को मानने को विवश करे तो यह जघन्य पाप होगा और संघर्ष का कारण भी। आज हममें से अधिकाँश , उपासना पद्धति को धर्म मान लेते हैं, जबकि धर्म का उपासना पद्धति से कोई लेना देना नहीं है। क्या अंतर पड़ता है हम कौनसी उपासना करते हैं?  किसकी उपासना करते हैं? कैसे उपासना करते है? उपासना करते भी हैं या नहीं करते हैं। अधिकाँश लोगों का मानना है ईश्वर सर्व व्यापी है, अनादि है, अनन्त है, कण कण में व्याप्त है; फिर उसकी उपासना कैसे भी की जाए, कहीं की जाए या न भी की जाए क्या अंतर पड़ता है?तुलसीदासजी ने कहा 'हरि अनन्त हरि कथा अनंता, कहहिं सुनहिं बहु विधि सब सन्ता' अर्थात ईश्वर कण कण में है इसलिए अनन्त रूपों में है, इसीलिये सज्जन लोग उसकी उपासना विविध प्रकार से करते हैं। अब ईश्वर की उपासना किस भाषा में होनी चाहिए? संस्कृत में,हिदी में, अंग्रेजी में, अरबी या फारशी में, वह कौनसी भाषा जानता है? क्या सभी भाषाएँ जानता है? वह इनमें से कोई भाषा नहीं जानता, वह तो मात्र दिल की भाषा जानता है। जिस भाषा को बिल्ली का बच्चा और कुतिया समझती थी, जिस भाषा को तुरंत का जन्मा बच्चा माँ के अंग से लगते ही समझ लेता है। पशु के ऊपर हाथ फेरते ही वह समझ लेता है कि यह हाथ  स्नेह का है या कसाई का है। महान वैज्ञानिक जगदीश चंद वसु ने सिद्ध किया था की कुल्हाड़ी लेकर काटने के लिए आने पर वृक्ष डर जाते हैं, वहीं माली पानी देने आता है तो प्रसन्न  जाते हैं , यही ईश्वरीय भाषा है इसके लिए किसी सांसारिक भाषा की आवश्यकता नहीं पड़ती है। 'हरि व्यापक सर्वत्र समाना , प्रेम ते प्रगट होयं भगवाना ' अर्थात प्रेम की भाषा ही ईश्वर समझता है, कबीर कहते हैं 'ढाई आखर प्रेम का पढ़े सो पंडित होय ' इसीलिये सभी मत मानते है करुण पुकार करो वह अवश्य सुनेगा। करुण पुकार माने नकली आंसू बहाना नहीं, दिल से चिंतन मनन करना। उसके लिए मंदिर, मस्जिद या चर्च जाने की भी कोई आवश्यकता नहीं है। 'कर में तो माला फिरे, जीभ फिरे मुख मांहि ; मनवा तो चहुँ दिशि फिरे, यह तो सुमिरन नाहीं'  कुछ मतों में पशु पूजा, पादप या वृक्ष पूजा, जल या नदी, सागर पूजा, पाहन, मूर्ती या पर्वत पूजा का प्रचलन है यहाँ तक की इनमें ईश्वर के मत्स्यावतार, सूकरावतार तक बताए गए हैं जिससे भ्रम होता है। वास्तव में यह इस बात का प्रतीक है कि ईश्वर सामान रूप से सर्वत्र व्याप्त है, तो फिर सभी पशु,पक्षी, जीव-जंतुओं और चराचर में भी वही है जो हम में से प्रत्येक में व्याप्त है, इसलिए वे भी हमारी तरह उसी ईश्वरीय अंश से आलोकित हैं।  उपासना का धर्म से कोई सम्बन्ध नहीं है और धर्म का पालन प्रत्येक मानव को करना ही चाहिए क्यों कि उसके पास बुद्धि है और वह सम्पूर्ण समाज का एक अंग भूत घटक है। 
                 भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है 'यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत, अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं  सृज्याम्य्हम। परित्राणाय साधूनां  विनाशाय  च दुष्कृताम धर्मसंस्थाप्नार्थाय सम्भवामि युगे युगे। अर्थात जब जब धर्म का नाश होता है, इसमें कहीं उपासना पद्धति को नहीं माना है। धर्म याने परोपकाराय, जब लोग परपीड़ा में उद्यत होते हैं अर्थात अधर्म बढ़ता है तब तब धर्म की स्थापना करने सज्जनों की रक्षा करने और दुष्टों को अर्थात आतंकियों, बलात्कारियों या दूसरों को अनायाष पीड़ा पहुचाने वालों का संघार करने या दण्ड देने के लिए मैं प्रगट होता हूँ। अर्थात कृष्ण नहीं अपितु वह जगत नियंता जो जन जन में व्याप्त है किसी भी जीव में अपनी असीमित शक्ति दे देता है फिर चाहे वह मगर हो, सूअर हो, राम हों, कृष्ण हों, बुद्ध हों, महावीर हों, नानक हों, गांधी हों, मुहम्मद साहब हों या ईशा मशीह हों, सबने अपने अपने समय पर आवश्यकतानुसार लोक कल्याण का कार्य किया, भले ही उस समय कुछ बातों में वे मूल धर्म से हटे हों, इसीलिये उनमें से कई का बताया मार्ग अलग सम्प्रदाय बना जो उस समय उपयोगी और आवश्यक था। धर्म का पालन पहले शाषक करे फिर प्रजा को धर्म का अनुशरण करने के लिए विवश करे यही शाषक का कार्य है ; परन्तु जब शाषक ही अधर्मी हो तो महाभारत ही एक मार्ग बचता है। यदि लोग धर्म का पालन करने वाले हो (चाहे ईश्वर को जिस रूप में माने या न माने) तो कोई किसी की अनावश्यक हत्या कैसे करेगा? बलात्कार कैसे करेगा? घूष कैसे लेगा? दलाली कैसे लेगा? डाका कैसे डालेगा? भ्रूण हत्या कैसे करेगा? धर्म को मानने वाला समाज सहज ही अपराधमुक्त हो जाएगा। यदि समाज, राष्ट्र और विश्व, केवल मानव कल्याण ही नहीं अपितु सबका कल्याण चाहते है और अपराधमुक्त विश्व चाहते हैं तो सम्प्रदायों की कट्टरता को त्याग कर धार्मिक (परहित सरिष धरम नहीं भाई) होना ही होगा अन्यथा अशांति और विनाश निश्चित है। 

शुक्रवार, 23 अगस्त 2013

भारत की मरती आत्मा और बढ़ते अपराध

             अनादि काल से भारत की आत्मा आद्ध्यात्म रही है, धर्म रही है।  धर्म से तात्पर्य किसी उपासना पद्धति से नहीं है। उपासना पद्धति धर्म है भी नहीं ; धर्म तो सत्य है, सार्वकालिक है, सार्वदेशिक है, सर्वमान्य है उसमें किसी प्रकार का विवाद नहीं है 'सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया ' अर्थात सब सुखी हों सब सज्जन हों का भाव ही धर्म है। इसमें किसी को कोई विवाद उत्पन्न करने का कोई अवसर ही नहीं है। 'मातृवत पर दारेषु , पर द्रव्येषु लोष्ठ वत। आत्मवत सर्व भूतेषु यः पश्यति सः पंडिता  ' अर्थात दुसरे की स्त्री को माता सामान और दुसरे की संपदा को मिट्टी के समान समझो तथा सभी को अपने सामान ही समझो का भाव ही धर्म है।  इसमें यदि किसी को अपने कुविचारों के कारण आपत्ति होती है तो भी अपने साथ वह ऐसा ही वर्ताव चाहेगा अर्थात यही धर्म है और यही भारत की आत्मा रही है।  बच्चे के गर्भ में प्रवेश के साथ ही माता ऐसे सुविचारों का चिंतन मनन एवं श्रवण करते हुए भावी सन्तति को महान मानवीय गुणों से परिपूर्ण करने के प्रयास में लग जाती थी और शिशु के जन्मोपरान्त लोरियों और लोकगीतों , कहानियों , भजनों द्वारा घुट्टी के साथ उसमें मानवीय श्रेष्ठ गुणों का समावेश प्रारम्भ कर देती थी।  छोटी छोटी कहानियों में बच्चे को माँ , दादी , नानी हर समय स्मरण कराती रहती थी किसी का कितना भी मूल्यवान सामान तुम्हारे लिए तुक्छ है उधर देखो भी नहीं 'रूखी सूखी खाय के ठंडा पानी पी, देख पराई चूपड़ी मत ललचावे जीव' सभी बालिकाएं तुम्हारी बहन जैसी हैं और बालक भाई समान । स्त्री को सम्मान देना और संकट में उसकी सहायता करना ही पुरुषत्व है , वीरता है 'यत्र नार्यस्तु पूजन्ते , रमन्ते तत्र देवता '। दीन दुखियों के लिए प्राणोत्सर्ग कर देना ही धर्म है 'जो लड़े दीन के हेत सूरा सोई ' किसी की ह्त्या पाप है यहाँ तक कि बगैर किसी कारण के चीटी की हत्या भी पाप मानी जाती है और आत्म ह्त्या महा पाप है,'अहिंसा परमो धर्मः ' बालकों ,वृद्धों एवं स्त्रियों का बध जघन्य अपराध माना जाता है ; 'बालक जानि बधऊँ नहि तोही ' इस प्रकार के दुष्कर्म करने वालों को ही राक्षस कहा गया, स्त्रियों के साथ एक साथ कई लोगों द्वारा बलात सम्बन्ध बनाने, उनके नाजुक अंगों को चोट पहुचाने या शिशुओं के साथ यौन सम्बन्ध बनाने या उनकी हत्या करने वालों को म्लेक्छ या पिशाच कहा गया, विदेशी आक्रमणकारियों के आने के पूर्व इस जघन्य पाप के विषय में भारत में कोई सोच भी नहीं सकता था। सेनाएं आपस में युद्ध किया करती थीं परन्तु सामान्य नागरिक पर उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ता था। ये सेनाएं नागरिकों को नहीं लूटती थीं उन्हें कोई छति नहीं पहुंचाई जाती थी इसी लिए कहा गया 'कोउ नृप होय हमें का हानी ', भारत में जहाँ व्यर्थ की हिंसा का विरोध किया गया वहीं सज्जनों की सहायता के लिए दुष्टों का सँघार करना ईश्वरीय कार्य माना जाता रहा है 'परित्राणाय साधुनाम , विनाशाय च दुश्क्रताम  ' मृत्यु से भयभीत मत हो वह शाश्वत है। यह आत्मा अजर अमर है मरता तो केवल शरीर है, इस प्रकार अमरता का भाव बचपन से उत्पन्न किया जाता था।  कायर और कुकर्मी मनुष्य अपमानित हो कर बार बार प्रतिदिन मरता है परन्तु सदाचारी और पराक्रमी मनुष्य धर्म के लिए मर कर भी अमर रहता है। जितना तुम्हारे पास है उसी में संतोष करो 'संतोषम परम सुखं' या गो धन गज धन बाजि धन सब धन और रतन धन खानि , जब आवै संतोष धन सब धन धूरि सामान ' इक्छाओं का अंत नहीं है उन पर नियंत्रण आवश्यक है। परन्तु पूर्ण मनोयोग से कर्म करना है, फल ईश्वर के आधीन है; इस विचार से असफलता में भी निराशा नहीं होती है। चार पुरुषार्थ धर्म अर्थ काम मोक्ष को प्राप्त करना ही मानव जीवन है अर्थात धर्म पूर्वक धन कमाना ,संचित करना , धर्म पूर्वक काम की पूर्ति करना अर्थात जीवन में कुछ भी करना उसमें धर्म की प्रधानता रहनी है।  रात्रि होने पर पौधों को मत छुओ वो सोते हैं , पौधों को मत सताओ , कच्चे फलों को मत तोड़ो हरे पेड़ों को मत काटो  उनमे जीवन होता है इसी दादी नानी की कहानियों को सुन कर महान वैज्ञानिक जगदीश चन्द्र वसु ने विश्व को विवश किया यह मानने के लिए कि पौधों में जीवन होता है। जल जीवन है उसकी बर्बादी मत करो , अन्न देवता है, एक भी दाना बर्बाद करना महा पाप है , गंगा सहित सभी नदियाँ जीवन दाईनी हैं माँ के समान है उनकी उपासना करो उन्हें गंदा मत करो। यह सब बच्चों की घुट्टी के साथ उसके रक्त में घोल दिया जाता है। 
          इस सब के लिए शासन से कोई धन राशि आवंटित नहीं होती थी; परन्तु समाज अपराध नियंत्रित था समाज में अपराधियों को हेय द्रष्टि से देखा जाता था।  नदियाँ निर्मल नीरा और स्वक्छ थीं धरा विविध प्रकार की वनस्पतियों से हरी भरी थी। अति गरीब व्यक्ति भी भूखे पेट रह कर भी अपराध या आत्महत्या के विषय में नहीं सोचता था ,ऐसा सोचना भी पाप होता था। अपनी हर स्थिती पर संतोष था। सभी लोग प्रतिदिन सायं कुछ समय धर्म चर्चा को देते थे , राम की पित्रभक्ति  और भरत का भाई के प्रति प्रेम जन जन के ह्रदय में रहता था। हरिशचंद्र का सत्य प्रेम, दधीच का परोपकार , पन्ना धाय की स्वामी भक्ति , हाड़ी रानी का मोह रहित बलिदान , महाराणा प्रताप की घाष की रोटियां खा कर भी दासता स्वीकार न करना , छत्रपति शिवाजी का स्त्री जाति के लिए सम्मान और प्रेम यह सब बच्चों के रक्त में जन्म से ही मिल जाता था ; शाषक जनता का पोषक होता था, उसे ईश्वर का स्थान दिया गया उसके लिए अपना पराया कोई नहीं होता था (अहिल्या बाई होल्कर की न्याय प्रियता विश्व प्रसिद्ध है जिन्होंने अपने ही पुत्र को हाथी से कुचलवा दिया था ) उसे बार बार स्मरण दिलाया जाता था 'जासु राज अति प्रजा दुखारी , सो नृप अवस नरक अधिकारी 'शायद इसी भारत के लिए कहा गया कि ' कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी ' ;परन्तु आज हम छद्म धर्मनिर्पेक्छ्ता का लबादा ओड़ कर और पश्चिम का अन्धानुकरण करके वस्तिविक धर्म से बहुत दूर हो गए और अपराध तथा कुकर्म की दुनिया में आकंठ डूब गए हैं। शाषक से लेकर प्रजा तक सभी अपराध में लिप्त हैं , आज सबसे बड़ा अपराधी ही सर्वाधिक सम्मानित है। सचरित्र व्यक्ति उपेक्षित और उपहास का पात्र है। माता पिता और शिक्षक नैतिक मूल्य बढ़ाने के स्थान पर अर्थोपार्जन पर जोर देते हैं। विनम्रता के स्थान पर अहंकार बढाया जा रहा है। 'मात पिता बाल्कान्ह्ही बुलावईं उदर भरै सो नीति सिखावहीं ' आज घरों में धर्म चर्चा होने के स्थान पर षड्यंत्रों, हत्याओं और बलात्कारों से युक्त टी वी सीरियल देखे जाते हैं। विभिन्न विज्ञापनों में उत्तेजना पूर्ण नारी योवन परोसा जाता है। बचपन से कार्टून सीरियलों में बच्चों को उद्दंड , अवज्ञाकारी और असहनशील बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। आज हमारे आदर्श और प्रेरणा श्रोत बदल गए हैं धन महत्वपूर्ण हो गया है , फिर चाहे किसी भी मार्ग से अर्जित किया जाय, इसीलिये  सचरित्र, राष्ट्रभक्तों,श्रेष्ठ महापुरुषों के चित्रों के स्थान पर घरों में फूहड़ द्विअर्थी संवादों और उत्तेजना पूर्ण अंग प्रदर्शन करने वाले गीतों पर नृत्य और अभिनय करके जीविका चलाने वालों के चित्र लगाते हैं। प्रातः कोई संत वाणी या सचरित्र्ता की बात सुनने या गुनगुनाने के स्थान पर 'चोली के नीचे क्या है ' जैसे फूहड़ गीत सुनते और गाते हैं। बगैर विवाह के एक या एक से अधिक लोगों से शारीरिक सम्बन्ध रखने वालों को वेश्या कहा जाता है। क्या हमारे समाज में इस प्रकार का चलन नहीं बढ़ा है और ऐसे लोगों का सम्मान नहीं बढ़ा है ? यह दुर्भाग्य पूर्ण है। ऐसी स्थिति में  हम हजार प्रयाष कर लें लाखों क़ानून बना लें कोई सुधार होने वाला नहीं है। जब तक शाषक शुद्ध आचरण और नैतिकता से पूर्ण नहीं होंगे तथा घरों और विद्यालयों में अद्ध्यात्मिक तथा नैतिक वातावरण नहीं बनेगा अभिभावकों सहित शिक्षकों को नैतिकता की ओर कदम बढ़ा कर बच्चों में धर्म और नैतिकता के मूल्य उत्पन्न करने ही होंगे अन्यथा अपराध बढ़ते ही जाएंगे। 
              यदि लोक कल्याण करना है समाज को अपराधमुक्त करना है और चरित्रवान राष्ट्र का निर्माण करना है तो उन उच्च नैतिक एवं आद्ध्यात्मिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करना ही होगा जिन्हें हम भौतिकवादी पूंजीवादी व्यवस्था में दकियानूसी और साम्प्रदायिक बता कर छोड़ चुके हैं । 

गुरुवार, 15 अगस्त 2013

दुर्घटना , दलाली या षड्यंत्र

                 भारत के ६७ वें स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व जिस प्रकार अचानक दो सैनिक पनडुब्बियों में आग  गई और उनमें से एक सिन्धुरक्षक न केवल नष्ट हो गई अपितु साथ में नौ सेना के १८ बहादुर अधिकारी और सैनिक शहीद हो गए वह राष्ट्र के लिए हताशा भरा रहा सम्पूर्ण राष्ट्र स्तब्ध रह गया, किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया।  जहाँ एक दिन पूर्व विक्रांत के जलावतरण का उल्लास मना रहे थे इस दुखद सूचना ने हर्ष और उत्साह पर तुषारापात कर दिया।  प्रश्न यह उठता है कि क्या एक साथ दो पनडुब्बियों में अचानक आग लग जाना वह भी विक्रांत के जलावतरण और स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व , क्या मात्र एक दुर्घटना थी या कुछ और ? इस राष्ट्र में प्रारम्भ से ही रक्षा सौदों सहित सभी सौदों  में मंत्रियो ,नेताओं और अधिकारियों द्वारा दलाली ली जाती रही है ; यहाँ तक की प्रधानमंत्री का नाम भी इस प्रकार की दलाली में आता रहा है।  जब कोई कम्पनी करोड़ों रु की दलाली देगी तो क्या निम्न गुणवत्ता का सामन नहीं दे सकती और यदि ऐसा हुआ है तो उसकी जाँच कौन करेगा ? इतिहास गवाह है तमाम सौदों की दलाली की जाँच का आडम्बर किया गया परन्तु परिणाम क्या निकला ? किसको दोषी पाया गया ? इस प्रकार दलाली ले कर कम गुणवत्ता का सैन्य सामान लेना न केवल जघन्य अपराध है अपितु देशद्रोह भी है और उसके लिए मंत्री से लेकर संत्री तक सभी दोषी हैं। यह कार्य किसी एक या दो व्यक्तियों का नहीं है , अपितु पूरा का पूरा तंत्र इस देशद्रोह में सम्मिलित हैं। अपनी जेब में कुछ करोड़ रु आगये सैनिक मरें तो मरें , उन शहीदों के परिवारों को कुछ  लाख रु देकर और घडियाली आंसू बहा कर कर्तव्य मुक्त हो जाएंगे क्यों कि उनको तो शहीद होने के लिए ही वेतन मिलता है, ऐसा राजनेताओं का मानना है । क्या इन दोनों पनडुब्बियों में अचानक आग लगाना, कम गुणवत्ता के कल पुर्जे लगे होना हो सकता ?
                 यदि ऐसा नहीं है तो क्या यह आतंकवादियों और देह्द्रोहियों द्वारा रचा षड्यंत्र हो सकता है। इतनी सुरक्षित जगह पर कोई बाहरी व्यक्ति कैसे पहुँच सकता है वैसे भारत में किसी बाहरी षड्यंत्रकारी की आवश्यकता ही नहीं है जब संसद से लेकर सड़क तक देशद्रोहियों की भरमार है।  बोफोर्ष दलाली का अपराधी क्वात्रोची किस प्रकार भारत से सुरक्षित न केवल निकल गया अपितु उसका बैंक खाता भी चालू कर दिया गया और तो और उसके विरुद्ध मुकदमा भी वापस ले लिया गया।  इस राष्ट्रद्रोह पूर्ण कार्य में क्या पूरा तंत्र सम्मिलित नहीं था ? इसी प्रकार भोपाल गैस त्रासदी का अपराधी एंडर्सन भारत से किस प्रकार सुरक्षित निकल गया ? क्या इसमें सत्ता के सर्वोच्च शिखर से लेकर नीचे तक सभी मिले नहीं थे ? बहुत ही लज्जा की बात है कि इस राष्ट्र की बागडोर दलालों और देशद्रोहियों के पास है , जो आतंकवादियों की म्रत्यु पर तो फूट फूट कर रोते हैं और आतंकवादियों के द्वारा मारे गए जांबाज अधिकारियों की शहादत पर संवेदना व्यक्त करना तो दूर , उसे अपमानित करते हुए उस मुटभेड को ही फर्जी बताने में लज्जा का अनुभव नहीं करते। क्या ऐसे आतंकवाद समर्थित देशद्रोहियों के रहते ऐसे हादसे फिर नहीं होंगे। 

बुधवार, 14 अगस्त 2013

बोया पेड़ बबूल का

              यद्यदाचरति श्रेष्ठ्स्तत्तदेवेतरो जनः, स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्त्दनुवर्तते।  अर्थात जैसा श्रेष्ठ लोग करते हैं उसी का अनुकरण लोग करते  हैं। भारत को स्वतंत्र हुए 66 वर्ष हो रहे हैं; यह दुर्भाग्य है कि स्वतन्त्रता के पश्चात से ही यहाँ के सत्ताधीशों का शनै: शैने: नैतिक और चारित्रिक पतन होना प्रारम्भ हुआ तो उसे रोकने के कोई उपाय नहीं किये गए।  कुछ हजार रु की चोरी से प्रारम्भ हुआ यह सफर लाख करोड़ के घोटालों तक जा पहुंचा, इतना ही नहीं अधिकाँश माननीय हत्या, बलात्कार, आगजनी जैसे घ्रडित अपराधों में लिप्त हैं, यहाँ तक कि राष्ट्र के प्रधानमंत्री के मुख पर भी कालिख पुती हुई है, शायद आज एक भी राजनेता इमानदार और चरित्रवान नहीं है तभी तो इनके विरुद्ध होने वाली जांचों को ये निर्लज्ज लोग बदलवाने का प्रयास करते हैं, तब भारत के उच्चतम न्यायालय को भी दु:खी होकर कहना पड़ा की जांच की मूल आत्मा ही मार दी गई है। इन भ्रष्ट और दुष्चरित्र नेताओं के दुराचरण पर रोक लगाने का प्रयास न्यायालय करता है तो सभी लाम बंद हो कर अपनी सामर्थ्य का दुरूपयोग कर न्यालय को पंगु बनाने का कार्य करने में भी शर्म नहीं करते है।  इन्होने चारों ओर लूट मचा रखी है। संसद और विधान सभाओं में वही कार्य होते हैं जिनमें इन्हें मोटी दलाली मिल सके फिर चाहे सेना के हथियारों की खरीद हो, गरीबों को भोजन या चिकत्सा हो, किसी नौकरी का चयन हो या स्थानान्तरण सब में खुला पैसा चलता है। यदि कोई चरित्रवान अधिकारी इन गुंडों और अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसना चाहता है तो या तो उसकी हत्या हो जाती है या स्थानांतर अथवा निलंबन हो जाता है।  यह सब कुछ बहुत ही भयावह है; इनके इस आचरण से जन सामान्य में धारणा बनती जा रही है कि प्रजातंत्र के मंदिर संसद और विधान सभाएं अपराधियों और राष्ट्रद्रोही दलालों के सुरक्षित अड्डे बन गए हैं।  आज ऐसा लगता है यह जनता के द्वारा, जनता के लिए जनता की सरकार ना होकर ; अपराधियों के लिए अपराधियों की सरकार है। इनके भ्रष्ट आचरण के  विरुद्ध न्यायालय के निर्णय को मानते नहीं, न्यायोचित शांतिपूर्ण अहिंसक जन आन्दोलन को लाठी और गोली द्वारा कुचल देते हैं, तर्क देते है हम चुने हुए जन प्रतिनिधि हैं यदि कुछ जनता के लिए करना चाहते हो तो चुनाव लड़ कर आओ, क्या भारत की सवा सौ करोड़ जनता चुनाव लडेगी ? जब सुधार के सभी मार्ग कोई दुराचारी बंद कर दें तो जनता के पास हिंसा के अतिरिक्त कौनसा मार्ग बचता है ?
           आज इन श्रेष्ठ दुराचारियों के दुराचरण का सामान्य जनता अनुसरण कर रही है।  पूरे देश में लूट हत्या बलात्कार का बोलबाला है , माताओं बहनों का घर से निकलना दुष्वार हो गया है, चारों और आतंक ही आतंक है राष्ट्र भक्तों को जेल में डाला जा रहा है, आतंकियों और देशद्रोहियों को महिमा मंडित किया जा रहा है , वीर जवानों और सिपाहियों के बलिदान पर शक किया जा रहा है। इन राष्ट्र द्रोहियों के रहते देश की सीमाएं असुरक्छित हैं।  क्या ऐसे में स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा सकता है ? हाँ माननीय तो मनाएँगे क्यों कि उन्हें हर प्रकार के अपराध करने की स्वतन्त्रता है लेकिन जन सामान्य को भूख से मरने की, हर प्रकार के अत्याचार सहने की बीमारी और आतंक से घुट घुट कर मरने की विवशता है। कहाँ है स्वतंत्रता ? यह राष्ट्र पर्व उल्लास मनाने का नहीं अपितु चिंतन करने का है कि कैसे इन दुराचारियों और अपराधियों से राष्ट्र मुक्त हो और इसकी बागडोर विदेशी चाटुकार दुष्चरित्र हाथों से हट कर चरित्रवान एवं देशभक्त हाथों में आए। 

बुधवार, 7 नवंबर 2012

एक तथ्य एवं निवेदन

"देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें"
आज अपनी इस भारत भूमि के हम सब पुत्र पश्चिम के अन्धानुकरण के कारण अत्यंत दुखी एवं व्यथित से प्रतीत होते हैं। पहले निर्धनता होने पर भी हम शांत एवं संतुष्ट थे, परन्तु आज पूर्व की अपेक्छा आर्थिक स्थिति अच्छी होने के उपरान्त भी हम व्यग्र एवं अधिक असंतुष्ट से प्रतीत होते हैं। कारण स्पष्ट है, हम अपनी दादी नानी की शिक्छाओं को भूल चुके हैं। आइये उनमें से कुछ का पुनः स्मरण कर उनका पालन करते हुए अपने बच्चों को संस्कारित कर उनका जीवन संघर्ष सरल करें। ध्यान रहे "नर सेवा ही नारायण सेवा है"
  1. अपने घर में 4, 5 तुलसी के पौधे अवश्य लगाएं, ये व्याधि निरोधक हैं।
  2. प्रतिदिन पहली रोटी गाय को और अंतिम रोटी कुत्ते को दें, ये अला - बला निवारक है।
  3. पक्छियों के प्रति दया भाव रखते हुए उनके लिए खुले स्थान पर दाना और पानी रखें।
  4. प्रति दिन एक मुट्ठी अनाज निकालें और उसे एकत्र कर अभावग्रस्त बंधुओं को दान करें। भूखों को भोजन देना सबसे बड़ा पुण्य है, यही धर्म है।
  5. जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं, और पेड़ों को पीड़ा न पहुचाएं, वो आपको प्राणवायु,फल, फूल एवं सूखी लकड़ी देते हैं।
  6. अन्न एवं जल की बर्बादी बिलकुल न करें, ये प्राण रक्छक हैं परन्तु सीमित हैं।
  7. संभव हो तो वर्षा जल का भू संचयन करें, अन्यथा एक दिन बूँद-बूँद जल के लिए तरसना पडेगा।
  8. बची हुई खाद्य सामग्री एवं कूड़ा पालीथीन में भर कर कभी न फेंकें, हो सकता है उसे गाय खा जाए और रोग से पीड़ित होकर प्राण त्यागे और आप गऊ ह्त्या के दोषी हों।
  9. मोच्छ दायिनी गंगा सहित किसी भी नदी को मैला न करें, उसमें फूल, पत्ती, मूर्ती एवं गन्दगी विसर्जित न करें, सभी नदियाँ अम्रतनीरा और हमारा जीवन हैं।
  10. गुरू ऋण से मुक्त होने के लिए कम से कम एक निर्धन बच्चे की शिक्छा में योगदान अवश्य करें।
  11. यदि आपके पास समय है तो ऐसे बच्चों को शिक्छा एवं संस्कार दान करें, जो साधन हीन हैं, परन्तु आपके अनुग्रह के अधिकारी हैं, यह महा दान है।
  12. हर आयुवर्ग के ऐसे वस्त्र जो पहनने योग्य हैं, उन्हें अच्छी हालत में सम्मानपूर्वक ऐसे अभावग्रस्त भाई एवं भगिनियों को प्रदान करें।
  13. आपके संज्ञान में ऐसे कार्य करने वाले लोग हों तो, उनका मनोबल बढाने के साथ उनका यथायोग्य सहयोग करें। इस प्रकार स्वयं को एवं अपने परिवार को सुखी बनाएं।

"परहित सरिस धरम नहीं भाई"